प्रदेश में आज से राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व महाअभियान 2.0 की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों की सुविधा और लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिये 18 जुलाई से 31 अगस्त तक यह अभियान संचालित किया जा रहा है। किसानों और आमजन की सुविधा के लिये पटवारी और मैदानी अमला मुख्यालय पर रहेंगे। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने बताया कि अभियान में अविवादित नामांतरण प्रकरणों का निराकरण 30 दिन में विवादित नामांतरण प्रकरणों का निराकरण 150 दिन में किया जायेगा। बंटवारा प्रकरणों के निराकरण की समय-सीमा 90 दिन है और सीमांकन प्रकरणों को 45 दिन सुलझाने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही नक्शे में तरमीम का कार्य सतत् जारी रहेगा। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
अभियान में एक अगस्त से 15 सितंबर तक फसलों का डिजिटल (क्रॉप) सर्वेक्षण किया जायेगा। किसानों के खेत पर जाकर फसल का फोटो खीचकर जानकारी अद्यतन करने के लिये युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को 25 जुलाई तक प्रशिक्षित किया जायेगा। राजस्व महा अभियान में निःशुल्क समग्र ई-केवायसी और समग्र से खसरे की लिंकेज की सुविधा दी जा रही है।
खंडवा जिले ने राजस्व महाअभियान-एक में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रथम चरण की सफलता को देखते हुए राजस्व महा अभियान-02 में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण हो इसके लिए कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने नायब तहसीलदार पिपलौद, छैगांव माखन एवं जावर न्यायालय का निरीक्षण किया। डिंडौरी में कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में राजस्व महाभियान के लिए प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें राजस्व महा अभियान प्रथम चरण की सफलता को देखते हुए इस दूसरे चरण में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य राजस्व न्यायालयों में समय सीमा पार लम्बित प्रकरणों का निराकरण, नए राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पर दर्ज कराना आदि शामिल हैं।