अक्टूबर 31, 2024 9:27 अपराह्न

printer

प्रदेश भर में रौशनी का त्योहार दीपावली श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है

प्रदेश भर में रौशनी का त्योहार दीपावली श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहरों, कस्बों और गांवों में दीवाली का उत्साह चरम पर है। घरों, मंदिरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को दीयों, रंगोलियों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। इस दौरान घरों में गणेश-लक्ष्मी और कुबेर की आराधना का सिलसिला जारी है।

 

रामनगरी अयोध्या में दीपावली की ख़ास धूम है। नगरवासी अपने आराध्य भगवान राम के अयोध्या पहुँचने के खुशी में आनंद और उल्लास में डूबे हुए हैं। आकर्षक सजावट और लोगों के उत्साह से रामनगरी में भक्तिमय माहौल सृजित हो गया है। 

 

दीपावली पर्व का अयोध्या से धार्मिक और पौराणिक सम्बन्ध है,माना जाता है कि लंकाधिपति रावण वध और चौदह वर्ष बनवास पूर्ण कर भगवान राम अयोध्या लौटे तो अयोध्या वासियों ने भाव विभोर होकर दीप जलाये और खुशियाँ मनाईं।

 

इसी भाव के वशीभूत अयोध्या के संत-महंत और गृहस्थों में आज अतिउत्साह देखने को मिल रहा है मंदिरों में उत्सव जैसे माहौल के बीच देवी लक्ष्मी के स्वरूप में सीता माता की पूजा के साथ-साथ भगवान् राम और चारों भाइयों की पूजा-अर्चना की जा रही है और मंदिर व घर दीपकों से कल छोटी दीपावली से ही जगमगा रहे है, ऐसा लग रहा है,जैसे धरती पर दीपकों की बारात उतर आयी है, अंधकार मिटाने।