प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। अधिकांश स्थानों का अधिकतम तापमान चालीस से पैंतालीस डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान औरंगाबाद राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां का अधिकतम तापमान छियालीस दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान इकतालीस दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सत्रह जिलों में लू की चेतावनी जारी की गयी है। इनमें से पटना, जहानाबाद, गया, औरंगाबाद, अरवल, रोहतास, कैमूर, भोजपुर और बक्सर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सीवान, सारण, वैशाली, शेखपुरा, बेगूसराय, समस्तीपुर, नवादा और नालंदा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र, पटना के वैज्ञानिक कमल सिंह गुप्ता ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की सम्भावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
इधर, भीषण गर्मी और लू के चलते आम जन जीवन प्रभावित हुआ है। दोपहर में सड़कों पर चहल पहल काफी कम हो गयी है। अस्पतालों में लू प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आपदा प्रबंधन विभाग ने भीषण गर्मी और लू से बचने को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किये हैं।