प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से समाजवादी पार्टी में सर्वाधिक 37 सीटों पर जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी को 33 सीटें और कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं। इसी प्रकार लोकदल को 2, अपना दल को एक और आजाद समाज पार्टी (काशीराम) को एक सीट प्राप्त हुई है।
वाराणसी लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को डेढ़ लाख से अधिक मतों से पराजित किया है। कन्नौज लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के सुब्रत पाठक को 1 लाख 70 हजार से अधिक मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। इसी प्रकार रायबरेली सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह से 3 लाख 90 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। इस चुनाव में सपा प्रमुख समेत मुलायम परिवार के पांचों सदस्य जीत हासिल करने में कामयाब हुए हैं। इनमें कन्नौज से अखिलेश यादव के अलावा मैनपुरी से डिम्पल यादव, आजमगढ़ से धर्मेन्द्र यादव, बदायूं से आदित्य यादव और फिरोजाबाद से अक्षय यादव जीत हासिल की है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास प्रकट किया है, हम उस भरोसे को पूरे दायित्व के साथ कायम रखेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं नें साबित कर दिया है कि जनता की शक्ति से बड़ा कोई नहीं होता है। बसपा इस चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत सकी है। बसपा प्रमुख मायावती ने परिणामों के बाद बयान जारी कर कहा कि पार्टी पूरी गंभीरता के साथ हर स्तर पर पार्टी हित में जो भी जरूरी होगा, उसको लेकर ठोस कदम उठाएगी।
पश्चिमी यूपी की नगीना सीट से आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर जीते हैं। इस चुनाव में भाजपा के कई केन्द्रीय मंत्रियों को प्रदेश में हार का सामना करना पड़ा है।
परिवर्तन की आंधी में कई केंद्रीय मंत्रियों ने अपनी सीटें खो दीं, जिनमें मोहनलालगंज से कौशल किशोर, चंदौली से महेंद्र नाथ पांडे, फतेहपुर से साध्वी निरंजन ज्योति और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल हैं, जो एक लाख से अधिक वोटों से अमेठी लोकसभा सीट हार गईं। चुनाव लड़ने वाले मुलायम सिंह यादव परिवार के सभी पांच सदस्य अपनी सीटें जीतने में कामयाब रहे।
डिंपल यादव ने बीजेपी के प्रत्याशी और वर्तमान योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह को हराया, वहीं उनके पति और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक को मात दी। फैजाबाद के नतीजे भी भाजपा के लिए चौंकाने वाले रहे, जहां समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने बीजेपी उम्मीदवार लल्लू सिंह को हरा दिया, तो वहीं मेरठ में सिनेमा के राम अरुण गोविल बड़ी मुश्किल से जीत हासिल कर सके। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह विभाजन की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ सद्भाव, भाईचारे और सकारात्मक राजनीति की जीत है।