पौड़ी जिले में कोट विकासखण्ड के कोट गांव में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं फूलों की खेती करके अपनी आर्थिकी मजबूत कर रही है। फूलों की खेती कर रहे समूह में 35 महिलाएं जुड़ी हैं। अक्टूबर माह से शुरू की गई लिली की खेती में तीन महीने में फूल आने शुरू हो गए हैं। इन फूलों को दिल्ली के बाजार में भेजा जा रहा है।
राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के निदेशक वीरेंद्र जुयाल ने कहा कि बंजर भूमि को उपजाऊ बनाकर महिलाएं न केवल अच्छी आमदनी कर रही हैं, बल्कि क्षेत्र में कृषि की नई संभावनाएं भी विकसित कर रही हैं।
महिला स्वयं सहायता समूह की लक्ष्मी नेगी ने बताया कि लिली फूल उत्पादन के लिए सरकार की ओर से सब्सिडी भी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई की फूलों की खेती से आमदनी बेहतर होगी।