केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से जुड़ा कोई भी दस्तावेज़ प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय से गायब नहीं मिले हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश को जवाब देते हुए श्री शेखावत ने कहा कि नेहरू पेपर्स-2008 में यूपीए सरकार के समय निकाले गए थे। उन्होंने कहा कि ये निजी पारिवारिक कागज़ात नहीं हैं, बल्कि ये देश के राष्ट्रीय ऐतिहासिक रिकॉर्ड का हिस्सा हैं।
श्री शेखावत ने कहा कि विद्वानों, शोधकर्ताओं, छात्रों और नागरिकों को जवाहरलाल नेहरू के जीवन और समय की सच्ची और संतुलित समझ के लिए मूल दस्तावेज़ों को लोगों तक पहुँचाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने खुद लिखित रूप में स्वीकार किया है कि ये कागज़ात उनके पास हैं और इस मामले में सहयोग करने का वादा किया है। उन्होंने सोनिया गांधी से अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करने और इन कागज़ातों को संग्रहालय में वापस करने का आग्रह किया जिससे विद्वान, नागरिक और संसद इन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेजों तक पहुँच सकें।