पुड्डुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता एमडीआर रामचंद्रन का कल रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे। श्री रामचंद्रन 1980 से 1983 और 1990 से 1991 तक पुड्डूचेरी के मुख्यमंत्री थे। वे 2001 से 2006 तक पुड्डूचेरी विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे।
श्री रामचंद्रन ने 1969 में डीएमके पार्टी के विधायक के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरूआत की थी। बाद में उन्होंने डी एम के और ऑल इंडिया अन्ना डी एम के पार्टी के टिकट पर कई क्षेत्रों से चुनाव लड़े। वर्ष 2000 में वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वे पुड्डूचेरी प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष भी रहे।
पुड्डूचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में उनके योगदान को याद करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री औऱ मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में श्री रामचंद्रन ने कई लोककल्याणकारी योजनाएं लागू कीं। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विशिष्ट छाप छोड़ी और राज्य के विकास में दूरगामी योगदान दिया।पुड्डुचेरी सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन के शोक की घोषणा की है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।