मार्च 21, 2024 11:15 पूर्वाह्न

printer

पाकिस्तान: बलूचिस्तान प्रांत में ग्वादर बंदरगाह प्राधिकरण परिसर में एक झड़प में आठ लड़ाके और दो सुरक्षाबलों की मौत

पाकिस्तान में कल बलूचिस्तान प्रांत में ग्वादर बंदरगाह प्राधिकरण (जीपीए) परिसर में एक उग्र झड़प में आठ लड़ाके और दो सुरक्षा बलों की मृत्‍यु हो गई। ग्वादर परिसर में भारी हथियारों से लैस लड़ाकों के जबरन घुसने की कोशिश और गोलीबारी तथा विस्फोट करने के कारण यह संघर्ष शुरू हुआ। बंदरगाह परिसर में घुसने की कोशिश करते हुए हमलावर मारे गये। इस संघर्ष में दो सैनिक भी मारे गये। प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के मजीद ब्रिगेड ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

ईरान और अफगानिस्‍तान की सीमा पर स्थित बलूचिस्तान लंबे समय से जारी हिंसक विद्रोह का केन्‍द्र है। बलूच विद्रोही गुटों ने सात अरब डॉलर की चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना को लक्ष्य बनाते हुए पहले भी कई हमले किये हैं। सीपीईसी की कई परियोजनाओं पर पाकिस्तान में हजारो चीनी कर्मी काम कर रहे हैं।

अलगाववादी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी बलूचिस्तान में चीनी निवेशों के विरुद्ध है। यह समूह संसाधन संपन्न इस प्रांत का दोहन करने का दोषी चीन और पाकिस्तान को ठहराता है।

यह हमला तब हुआ है जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि उनकी सरकार सीमा पार आतंकवाद की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी।