संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तानी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान की जेल में कैद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के अधिकारों का सम्मान किया जाए और उन्हें पूरी तरह से बरकरार रखा जाए। संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने बल दिया है कि कानून और प्रक्रियात्मक निष्पक्षता के तहत इस प्रकार के राजनीतिक रूप से संवेदनशील मामलों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार किया जाना आवश्यक है।
क्रिकेटर से राजनीतिज्ञ बने 72 वर्षीय इमरान खान को रावलपिंडी की अडियाला जेल में रखा गया है। इस जेल में वे भ्रष्टाचार, हिंसा भड़काने और आधिकारिक गोपनीयता अधिनिमय का उल्लंघन करने सहित कई मामलों पर अगस्त 2023 से कैद हैं।
खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने अधिकारियों पर उन्हें जानबूझकर अलग-थलग रखने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि इमरान खान को परिवार के सदस्यों, उनकी बहनों, डॉक्टरों और वकीलों से भी नहीं मिलने दिया जा रहा है।