पश्चिम बंगाल में, दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली ओडिशा की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के माता-पिता के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह घटना कथित तौर पर शुक्रवार शाम कॉलेज परिसर के पास हुई।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली पीड़िता का कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसने पुलिस को अपना बयान दिया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग-एन.सी.डब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी को पत्र लिखकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। एन.सी.डब्ल्यू. ने बताया है कि उसने पांच दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग की सदस्या डॉ. अर्चना मजूमदार ने कल दुर्गापुर के निजी मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में पीड़िता से भी बात की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डॉक्टरों के मंचों और विपक्षी दलों ने इस जघन्य अपराध के लिए ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी सज़ा देने की मांग की है। भाजपा ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है।