उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि पर्यटन लोगों को आपस में जोड़ता है जो आज के समय की जरूरत है। आज नई दिल्ली में विश्व पर्यटन दिवस पर अपने सम्बोधन में श्री धनखड़ ने कहा कि पर्यटन शांति स्थापित करने में बहुत बड़ा योगदान करता है। उन्होंने कहा कि समूचा विश्व शांति का इच्छुक है।
उपराष्ट्रपति ने उल्लेख किया कि विश्व के किसी भी हिस्से में संघर्ष से पूरा विश्व प्रभावित होता है क्योंकि युद्ध से आपूर्ति श्रृंखला टूट जाती है। श्री धनखड ने इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस के विषय – पर्यटन और शांति पर जोर देते हुए कहा कि यह बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि यह विषय भारत के जीवंत लोकतंत्र के भी उपयुक्त है। उपराष्ट्रपति ने विश्व पर्यटन दिवस को वैश्विक आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर पर्यटन के गहरे प्रभाव का उत्सव मनाने का अवसर बताया।
पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने सम्बोधन में कहा कि पर्यटन के माध्यम से विभिन्न संस्कृतियों और राष्ट्रों के बीच आपसी समझ के सेतु का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सभी को जोड़ता है।
इस अवसर पर श्री धनखड ने पर्यटन मित्र, श्रेष्ठ पर्यटन गांव प्रतियोगिता जैसी पर्यटन मंत्रालय की विभिन्न पहलों की शुरूआत की।