मार्च 4, 2025 9:04 अपराह्न

printer

पंचायती राज मंत्रालय ने “सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान” का शुभारंभ किया

पंचायती राज मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में पंचायती राज संस्थाओं की महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों की राष्ट्रीय कार्यशाला में “सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान” का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य पूरे देश में पंचायती राज संस्थाओं की महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों को मजबूत बनाना है।

 केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने ग्रामीण शासन को बदलने में महिला नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार देश में विशेष रूप से ग्राम पंचायतों में महिला नेतृत्व को और मजबूत करने के लिए क्षमता और विश्वास निर्माण के उपाय करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी योजनाओं सहित कई पहल की हैं। उन्होंने महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में कौशल विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास समाज में सकारात्मक बदलाव के साथ-साथ आर्थिक विकास भी लाता है। उन्होंने निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों से अपने अधिकार का स्वतंत्र रूप से उपयोग करने और निर्णय लेने में पुरुष हस्तक्षेप का प्रभाव समाप्‍त करने का आग्रह किया।

    केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पंचायती राज मंत्रालय के इस कार्यक्रम में एक हजार दो सौ से अधिक निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में 23 निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों को पंचायतों में किए गए असाधारण कार्यों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।