नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव में सुरक्षा मजबूत करने के लिए देशभर में हजारों सैनिकों की तैनाती शुरू हो गई है। पिछले वर्ष जेन-जी के विरोध प्रदर्शन के बाद पहली बार सैनिकों की तैनाती की जा रही है। प्रदर्शनों से के.पी. शर्मा ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को इस्तीफा देना पड़ा था। नेपाली सेना के प्रवक्ता ने बताया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भय मुक्त माहौल में चुनाव कराने के लिए सैनिकों को तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रपति रामचन्द्र पाउडेल ने चुनाव के लिए सेना तैनात करने की सरकार की सिफारिश को मंजूरी दे दी थी।
चुनाव में सुरक्षा के उद्देश्य से देशभर में करीब 80 हजार सैनिकों सहित 340,000 सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा कर्मी 165 निर्वाचन क्षेत्रों में करीब 10,800 मतदान केन्द्रों तथा करीब 23,100 मतदान बूथों पर सुरक्षा प्रदान करेंगे।