नेपाल के प्रमुख बहु-क्षेत्रीय संवाद मंच सागरमाथा संवाद की कल शुरू हुआ। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली, विदेश मंत्री डॉ. आरज़ू राणा देउबा, चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के उपाध्यक्ष शियाओ जी, भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और 29वें जलवायु सम्मेलन के अध्यक्ष और अज़रबैजान के पारिस्थितिकी मंत्री मुख्तार बाबायेव तीन दिन के इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने सागरमाथा संवाद में सकारात्मक संदेश देने के लिए अज़रबैजान के राष्ट्रपति के प्रतिनिधि और 29वें जलवायु सम्मेलन के अध्यक्ष मुख्तार बाबायेव को नेपाल के जलवायु कार्ययोजना के संदर्भ में तीसरा मसौदा रिपोर्ट सौंपा। नेपाल ने सतत विकास लक्ष्यों, घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय स्रोतों को जुटाने तथा 2035 तक की कार्य योजना को शामिल करते हुए मसौदा तैयार किया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने एक वीडियो संदेश में कहा कि तीसरी दुनिया के देश वैश्विक जलवायु परिवर्तन के कारण नहीं हैं लेकिन वे इससे प्रभावित हो रहे हैं। भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए वैश्विक जलवायु कार्रवाई के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता और हिमालय तथा अन्य पर्वतीय पारिस्थितिकी प्रणालियों की सुरक्षा के लिए सहयोगी प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने वैश्विक जलवायु संकट से निपटने के लिए भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की।