छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में आयोजित ‘‘सुशासन‘‘ विषय पर दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन का आज समापन हुआ। समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप योजना शुरू करने की घोषणा की।
वहीं, सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि सुशासन का पहला मूलमंत्र है पारदर्शिता और दूसरा है जवाबदेही। केन्द्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा विजन डॉक्यूमेंट-दो हजार सैंतालीस तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत वर्ष दो हजार सैंतालीस में भारत कैसा होगा और हमारी भूमिका क्या होगी। इसमें युवा अधिकारियों पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है।
डॉक्टर सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रशासनिक सुधार के लिए मोदी सरकार द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने लगभग दो हजार ऐसे कानून जो प्रचलन में नहीं थे, उन्हें खत्म कर दिया है।