राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा सोसायटी (एन.ई.एस.टी.एस.) इस महीने की 16 और 17 तारीख को नई दिल्ली में दो दिन के प्रधानाचार्य सम्मेलन का आयोजन करेगी। यह आयोजन एक प्रमुख क्षमता निर्माण पहल है, जिसका उद्देश्य देश भर में एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूलों-ई.एम.आर.एस. के प्रधानाचार्यों की शैक्षणिक, प्रशासनिक, वित्तीय और नेतृत्व क्षमताओं को मजबूत करना है।
जनजातीय मंत्रालय ने कहा है कि सम्मेलन का मुख्य विषय प्रधानाचार्यों को ई.एम.आर.एस. में चल रही परियोजनाओं, फ्लैगशिप पहलों और साझेदार-सहायता प्राप्त कार्यक्रमों को अनुकूल बनाना है। मंत्रालय ने सूचना दी कि यह सम्मेलन ई.एम.आर.एस. के 499 प्रधानाचार्यों को एक साथ लाएगा।
यह एन.ई.एस.टी.एस. के स्कूल को सशक्त बनाने पर निरंतर फोकस को दर्शाता है। यह कार्यक्रम प्रधानाचार्यों को अद्यतन ज्ञान, प्रक्रियात्मक स्पष्टता और राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा एन.ई.एस.टी.एस. की रणनीतिक प्राथमिकताओं के अनुरूप नेतृत्व क्षमताओं से लैस करने के लिए विकसित किया गया है।