देशभर में आज रक्षाबंधन का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधती हैं और उनकी समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करती हैं। भाई अपनी बहनों की रक्षा और सहायता का वचन देते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सौभाग्य लाए, सद्भाव, सौहार्द व सहयोग की भावना और अधिक सशक्त हो, प्रभु श्रीराम से यही कामना है। रक्षाबंधन को देखते हुए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रदेश सरकार की तरफ से कल रात बारह बजे से लेकर आज रात बारह बजे तक रोडवेज बस सेवाएं और सिटी बस सेवाएं महिलाओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध हैं।
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्री रामलला के लिए यह रक्षाबंधन खास है। अयोध्या के श्रृंगी ऋषी आश्रम में रहने वाली महिलाएं वर्षों से भगवान राम और उनके भाइयों की बड़ी बहन शांता की भूमिका निभाती रही हैं। इस बार भी उनके द्वारा तैयार जरी और मोतियों से बनी राखी मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने भगवान राम सहित चारों भाइयों को अपराह्न एक बजकर तीस मिनट पर बांध कर भक्ति परम्परा का निवर्हन किया।
मथुरा जिले के वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भी रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यहां भक्तों द्वारा भेजी गई राखियां ठाकुर बांके बिहारी को समर्पित की गईं। देश विदेश से भक्तों ने दस हजार से अधिक राखियां भेजी हैं। बरेली में रक्षाबंधन के मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने बहनों से राखी बंधवाकर रक्षाबंधन की बधाई दी।
इस मौके पर श्री गंगवार ने देश की प्रगति की कामना की। फर्रुखाबाद की जिला जेल में बहनों ने अपने भाइयों को राखी बांधी। जेल अधीक्षक भीमसेन मुकुंद ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से बहनों के लिए जेल के बाहर जलपान की व्यवस्था की गई। चित्रकूट में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शिवरामपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं से राखी बंधवाई और मिठाई बांटी।