दिल्ली सरकार ने आज व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए दिल्ली व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी जानकारी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी औऱ कहा कि इसके लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपये का कोष भी आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि 15 सदस्यीय इस बोर्ड की अध्यक्षता उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा करेंगें। उन्होंने कहा कि इस बोर्ड में दिल्ली नगर निगम, श्रम, कर और उद्योग विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे औऱ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 9 गैर-सरकारी व्यापारी प्रतिनिधि बोर्ड में इसमें हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बोर्ड केवल एक संस्था नहीं है, बल्कि व्यापारियों पर सरकार के भरोसे का प्रतीक है।
चांदनी चौक से सांसद और अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने दिल्ली व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन पर दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल राजधानी के लाखों व्यापारियों के लिए आशा की एक नई किरण लेकर आया है, बल्कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त व्यापारी-समृद्ध भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।