मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जनवरी 22, 2025 2:06 अपराह्न

printer

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज, आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला जारी

 
 
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज विभिन्न इलाकों में प्रचार अभियान में शामिल होंगे। 
 
मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के अंतर्गत नमो ऐप के माध्‍यम से भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए श्री मोदी ने आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी चुनावों में अपनी हार को देखते हुए रोजाना तरह-तरह के वादे कर रही है। श्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आप की पोल खोलने और लोगों के बीच भाजपा के वादों को लोकप्रिय बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रिकॉर्ड मतदान सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय राजधानी के हर बूथ पर 50 प्रतिशत से अधिक वोट जीतने का लक्ष्य रखने को कहा। श्री मोदी ने आप और कांग्रेस पर दिल्ली के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में टैंकर माफिया फल-फूल रहे हैं। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर मुख्यमंत्री रहते हुए अपने आवास पर कथित तौर पर बेतहाशा खर्च करने का जिक्र करते हुए जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने शहर में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं करने के लिए भी आप सरकार पर सवाल उठाए।
 
भाजपा सांसद, विधायक, पार्षद और पदाधिकारी शहर के विभिन्न इलाकों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी आज शाम सदर बाजार विधानसभा क्षेत्र के इंद्रलोक इलाके में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। श्री केजरीवाल अलग-अलग जगह तीन रैलियां को संबोधित करेंग। जबकि आम आदमी पार्टी के एक अन्य नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रोड शो करेंगे।
 
इस बीच, श्री केजरीवाल ने आज मांग की कि केंद्रीय बजट में मध्यम वर्ग के लिए विशेष प्रावधान होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने हमेशा मध्यम वर्ग के उत्थान की दिशा में काम किया है।”
 
दूसरी ओर, भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर शहर में चुनाव प्रचार में पंजाब सरकार के वाहनों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पार्टी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि ऐसा करके श्री केजरीवाल चुनाव मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं।
 
कांग्रेस ने भी आम आदमी पार्टी पर अपना हमला तेज कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने उन पर दिल्ली सरकार से संबंधित सीएजी रिपोर्ट को पेश करने में बाधा डालने का आरोप लगाया है। मीडिया को जानकारी देते हुए श्री माकन ने यह भी आरोप लगाया कि शहर में अस्पतालों से संबंधित कई परियोजनाओं में देरी हुई है।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला