रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों पर नए अमरीकी प्रतिबंधों को मॉस्को पर दवाब बनाने का प्रयास बताते हुए कहा है कि इससे अर्थव्यवस्था ज्यादा प्रभावित नहीं होगी। कल मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी स्वाभिमानी देश दबाव में आकर कोई काम नहीं करता।
उन्होंने कहा कि ये प्रतिबंध रूस के लिए गंभीर हैं और इनके कुछ निश्चित परिणाम होंगे, लेकिन इनका देश की आर्थिक स्थिति पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमरीका का यह कदम दोस्ताना नहीं है। इससे हाल ही में ठीक होने शुरू हुए दोनों देशों के संबंधों को मजबूती नहीं मिलेगी।
पुतिन ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत में चेतावनी दी थी कि इन प्रतिबंधों से अमरीका सहित वैश्विक तेल कीमतें भी प्रभावित होंगी। इससे पहले अमरीका ने बुधवार को रूस के दो सबसे बड़े तेल उत्पादकों रोसनेफ्ट और लुकोइल पर प्रतिबंध लगा दिए। राष्ट्रपति ट्रंप के पदभार संभालने के बाद से रूस के खिलाफ यह पहला प्रतिबंध है।