राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी आवश्यक है। उत्तराखंड के हरिद्वार में आज पतंजलि विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। महिला शिक्षा के महत्व का उल्लेख करते हुए श्रीमती मुर्मु ने कहा कि शिक्षित बेटियां भारत का गौरव बढ़ाएंगी।
राष्ट्रपति आज से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। राष्ट्रपति आज दोपहर बाद देहरादून पहुंचेंगी, जहां वह राजपुर रोड़ में फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन करेंगी और राष्ट्रपति निकेतन में अंतर्राष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति और कला महोत्सव के प्रतिभागियों के साथ बातचीत करेंगी।
इससे पहले देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।