संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही डी.एम.के. और कुछ अन्य विपक्षी सांसदों द्वारा लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के विरोध के बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा में, जब सदन की कार्यवाही पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे शुरू हुई, तो डी.एम.के. सांसदों ने प्रस्तावित परिसीमन के विरोध में टी-शर्ट पहनकर विरोध जताया। अध्यक्ष ने विरोध कर रहे सदस्यों की पोशाक पर आपत्ति जताई। डी.एम.के. सांसदों और कुछ कांग्रेस सदस्यों ने शोर शराब किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सुबह, जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा प्रस्तावित परिसीमन के विरोध में टी-शर्ट पहने हुए द्रमुक सांसदों की पोशाक पर आपत्ति जताए जाने के बाद इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। श्री बिरला ने कहा कि सदन नियमों के अनुसार चलेगा। उन्होंने कहा कि कुछ सदस्य सदन के नियमों और गरिमा को कम कर रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि वह नियमों का उल्लंघन नहीं होने देंगे और विपक्षी सदस्यों से नारे लिखी टी-शर्ट नहीं पहनने को कहा। उन्होंने उनसे सदन से बाहर जाने का आग्रह किया। लेकिन डी.एम.के. और कुछ अन्य विपक्षी सांसदों ने शोर मचाया। इस मुद्दे पर राज्यसभा की कार्यवाही भी तीन बार स्थगित हुई।
सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बाद में सदन में नारे लिखी टी-शर्ट पहनकर आए डी.एम.के. सांसदों के मुद्दे पर गतिरोध के कारण सदन की कार्यवाही सवा बारह बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।