अगस्त 4, 2025 7:44 अपराह्न

printer

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का, 81 वर्ष की आयु में, आज नई दिल्ली में देहांत

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का, 81 वर्ष की आयु में, आज नई दिल्ली में देहांत हो गया।  राज्‍यसभा के सदस्‍य शिबू सोरेन किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। डेढ़ महीने पहले उन्‍हें पक्षाघात भी हुआ था। वे पिछले एक महीने से दिल्‍ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती थे।

    राष्‍ट्रपति, द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल जाकर श्री सोरेन को श्रद्धांजलि दी।

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने श्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि श्री सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि श्री सोरेन ने जनजातीय पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए अथक प्रयास किए। राष्ट्रपति ने कहा कि जनता, विशेषकर जनजातीय समुदायों के कल्याण की दिशा में उनके कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा।

    प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री शिबू सोरेन की मृत्‍यु पर गहरा शोक व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पित, शिबू सोरेन, जन सेवा की बदौलत समाज के निचले स्‍तर से उभरे नेता थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री सोरेन ने जनजातीय समुदायों, निर्धन और उपेक्षित लोगों के सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास किए हैं। श्री मोदी ने सोरेन के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्‍होंने झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत की और शिबू सोरेन की मृत्‍यु पर शोक व्‍यक्‍त किया।

    झारखंड में आज से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राज्‍य में सभी सरकारी कार्यालय आज और कल बंद रहेंगे। श्री शिबू सोरेन के देहांत के कारण झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित कर दिया गया है। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्‍यक्ष और झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता थे।  

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला