सितम्बर 11, 2023 11:45 पूर्वाह्न | सशो. जी-20 महिला

printer

जी20 सदस्‍य देशों के नेता, महिला सशक्तिकरण पर कार्य समूह के गठन पर सहमत हुए

भारत की जी20 अध्‍यक्षता में महिला विकास की बजाए महिलाओं के नेतृत्व में विकास पर ध्यान  केंद्रित किया गया। जी20 की नई दिल्ली घोषणा पत्र में लैंगिक समानता, महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के नेतृत्व में विकास को शामिल किया गया, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। जी20 नई दिल्‍ली घोषणा पत्र आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण बढ़ाने, लैंगिक डिजिटल फासला कम करने, लैंगिक समावेशी जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ाने और महिलाओं की खाद्य सुरक्षा, पोषण और कल्याण को सुरक्षित करने पर केंद्रित है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जी20 सदस्‍य देशों के नेता, महिला सशक्तिकरण पर एक कार्य समूह के गठन पर सहमत हुए। जी20 महिला मंत्रिस्तरीय समूह ने इसके गठन की अनुशंसा की थी। ब्राजील की जी-20 अध्‍यक्षता के अंतर्गत इस कार्य समूह की पहली बैठक आयोजित होगी।
महिला और बाल विकास मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि, 'लैंगिक समानता और सभी महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण को जी20 नई दिल्ली घोषणा पत्र में शामिल किया गया, जो भारत की प्रतिबद्धता और समर्पण के कारण संभव हो सका। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृतकाल के दृष्टिकोण से प्रेरित है, जिसमें अर्थव्यवस्था और समाज के सभी क्षेत्रों में नारी शक्ति के महत्‍व को स्‍थान दिया गया है।