कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन आज दुनिया के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मानव जाति को अपना कल सुरक्षित रखने के लिए आज पौधरोपण करना बेहद जरूरी है। कृषि मंत्री ने यह विचार जवाली विधानसभा क्षेत्र में 75 वां वन महोत्सव में भाग लेने के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने जामुन का पौधा रोपित कर पौधरोपण का शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि इस मानसून सीजन के दौरान जवाली विधानसभा क्षेत्र में 110 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण के बाद उनका संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से प्रकृति को प्रदूषण से बचाने के लिये पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे आने तथा आम लोगों में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
चंद्र कुमार ने कृषि वानिकी की तरफ जाना समय की मांग बताया जिसमें वन तथा कृषि को एक साथ जोड़ा जाता है। कृषि वानिकी से फसलों और पशुधन में विविधता बढ़ती है, तथा वृक्षों के कारण कृषि पारिस्थितिकी तंत्र में जैव विविधता को बढ़ावा और संरक्षण मिलता है।
उन्होंने कहा कि जल,जंगल और जमीन हमारी धरोहर है और मानव सभ्यता को बचाने के लिए इनका संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से जंगलों में फलदार पौधे लगाने का आग्रह किया ताकि जंगली जानवरों व पक्षियों को भी भोजन मिल सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने व इस मुहिम को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर एसडीएम बचित्र सिंह,सीसीएफ धर्मशाला ई.विक्रम,डीएफओ अमित शर्मा,जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अजय शर्मा,लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनोहर लाल,एसीएफ निशांत पराशर,कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र शिंदा,कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, कांग्रेस नेता मनु शर्मा,ओबीसी संगठन के उपाध्यक्ष अश्विनी चौधरी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।