केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित तीन रेलवे परियोजनाओं को फिलहाल रोक दिया गया है। जम्मू में कल पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में तीन रेलवे परियोजनाओं की मांग थी, लेकिन स्थानीय सरकार और सांसदों ने सेब के बागों को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते इनका विरोध किया। इन चिंताओं को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं को फिलहाल रोक दिया गया है।
केन्द्रीय मंत्री ने परियोजनाओं के नाम नहीं बताए, लेकिन सूत्रों के अनुसार इसमें पहलगाम के लिए प्रस्तावित रेल लिंक भी शामिल है, जिसका सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस और विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी दोनों ने कड़ा विरोध किया था।
दक्षिण कश्मीर के किसानों ने भी जमीनी स्तर पर और सोशल मीडिया पर जोरदार अभियान चलाया था, जिसमें तर्क दिया गया था कि ये परियोजनाएं बागवानी पर निर्भर हजारों परिवारों की आजीविका को खतरे में डाल देंगी। इस फैसले का सभी राजनीतिक दलों ने स्वागत किया है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने महत्वपूर्ण समय पर हस्तक्षेप करके परियोजनाओं को रोकने का श्रेय मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को दिया। पार्टी ने एक बयान में अनंतनाग-पहलगाम और अनंतनाग-शोपियां के बीच प्रस्तावित रेलवे ट्रैक को रोकने के लिए मुख्यमंत्री और अपने सांसदों को “आवश्यक और महत्वपूर्ण हस्तक्षेप” के लिए धन्यवाद दिया।