जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए सामान्य पर्यवेक्षकों, पुलिस पर्यवेक्षकों और व्यय पर्यवेक्षकों की एक बैठक आज नई दिल्ली में हुई। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने पर्यवेक्षकों को उनके आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। बैठक में भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा के साथ-साथ भारतीय राजस्व सेवा और कुछ अन्य केंद्रीय सेवाओं के चार सौ से अधिक अधिकारी शामिल हुए। दोनों राज्यों में लगभग दो सौ सामान्य पर्यवेक्षक, सौ पुलिस पर्यवेक्षक और सौ व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए जाने हैं।
श्री राजीव कुमार ने कहा कि आयोग के प्रतिनिधियों के रूप में पर्यवेक्षकों से अपेक्षा की जाती है कि वे खुद को पेशेवर रूप से संचालित करें और उम्मीदवारों और लोगों सहित सभी के लिए सुलभ हों। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में चुनाव निष्पक्ष होंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर जम्मू-कश्मीर के लोगों में बहुत उत्साह है।