मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

जून 16, 2024 6:15 अपराह्न

printer

जगत सिंह नेगी ने 02 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से निर्मित बैली ब्रिज का लोकार्पण किया

राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के प्रवास के दौरान जिला के पूह विकास खंड की ग्राम पंचायत लिप्पा का दौरा किया तथा लिप्पा में तैती खड्ड के ऊपर 02 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से निर्मित बैली ब्रिज का लोकार्पण कर आम जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस बैली ब्रिज के बन जाने से जहां क्षेत्र के लोगों को उनकी नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में और अधिक सुविधा मिलेगी वहीं चिकित्सीय आपदा के समय अस्पताल पहुंचने में भी आसानी होगी। इसके अलावा उन्होंने 02 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन लिप्पा तथा बस स्टैंड लिप्पा से पानसारिंग तक 02 करोड़ 23 लाख रुपए की राशि से बनने वाले लिंक रोड़ का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आम जनता की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त हुई सभी उचित मांगों को त्वरित निपटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ तत्परता के साथ खड़ी है तथा हर वर्ग व क्षेत्र के उत्थान, विकास एवं कल्याण के लिए दिन-रात प्रयासरत है।

राजस्व मंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा के उपचुनाव भारतीय लोकतन्त्र की जीत तथा धनबल की राजनीति की हार का प्रतीक है। प्रदेश की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया कि वह भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलने वालों के साथ है तथा पावन देव भूमि हिमाचल में धनबल का प्रयोग करने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सहित जनजातीय जिलों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है तथा जनजातीय जिलों के निर्धन एवं उपेक्षित भूमिहीन लोगों को भूमि दिलाने के लिए वन अधिकार अधिनियम-2006 को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा जिसके लिए वह निरंतर प्रयासरत है।

इससे पूर्व ग्राम पंचायत लिप्पा पहुंचने पर प्रधान लिप्पा पंचायत एवं ग्रामवासियों द्वारा राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उपपुलिस अधीक्षक नवीन जालटा, तहसीलदार मूरंग विक्रमजीत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी व पंचायत जनप्रतिनिधियों सहित अन्य उपस्थित थे।