छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले में बहेराडीह के बिहान की महिलाएं, बड़ी के साथ एक नया प्रयोग कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही है। सामान्य रूप से तो लोग दाल से बनी हुई बड़ियों के बारे में ही जानते हैं, लेकिन गंगे मईय्या स्व सहायता समूह की महिलाएं बीते कई वर्षों से नीम फूल की बड़ी बनाने का काम कर रही हैं। इस बड़ी की कीमत प्रति किलो एक हजार रुपये तक है और बाजार में इसकी अच्छी-खासी मांग भी है।
समूह की अध्यक्ष लक्ष्मीन यादव और सचिव पुष्पा यादव ने बताया कि साल भर में केवल एक बार गर्मी के मौसम में उन्हें पर्याप्त मात्रा में नीम का फूल मिलता है और वे इससे बड़ी बनाती है। हालांकि समूह की महिलाएं मुनगा, मशरूम और पपीता के अलावा अन्य चीज़ों से भी बड़ी बनाकर अच्छी आमदनी हासिल कर रही है। वहीं, इस महिला समूह द्वारा बनाए गए तरह-तरह के आचार और पापड़ की भी बाजार में खूब मांग है। बिहान के सदस्यों ने बताया कि महिला समूहों द्वारा बनाए गए सामानों की बिक्री के लिए जांजगीर में सी-मार्ट बनाया गया है। साथ ही बहेराडीह गांव में संचालित किसान स्कूल से भी इन उत्पादों की बिक्री हो रही है।