राजनांदगांव जिले में आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातरई में आज दोपहर त्रैमासिक परीक्षा देकर छात्र मुढ़ीपार स्कूल से जोरातराई के और मनगटा के लिए निकले थे। तभी तेज वर्षा के दौरान ये बच्चे सड़क किनारे पेड़ के नीचे बने टिन के शेड में रूक गए, जहां पहले से क्रेशर खदान में काम करने वाले पांच युवक खड़े हुए थे, तभी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मरने वालों में चार स्कूली बच्चे और चार पुरूष शामिल हैं। जबकि एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल व्यक्ति को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, जांजगीर-चांपा जिले के सुकली गांव में कल आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक लड़के की मौत हो गई है। वहीं, आठ लोग झुलस गए हैं। गांव में पिकनिक मनाने के दौरान यह घटना हुई। मिली जानकारी के अनुसार वर्षा से बचने के लिए पन्द्रह से बीस युवक पेड़ के नीचे खड़े थे। इस दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आकर नौ लोग झुलस गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है, जहां उपचार के दौरान एक लड़के ने दम तोड़ दिया। घायल आठ युवकों का इलाज चल रहा है।
इसी जिले के पचेड़ा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि यह महिला खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।