छत्तीसगढ़ के भिलाई में आज थाना घेरने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प होने की खबर है। पुलिस ने इस अवसर पर लाठीचार्ज भी किया। मिली जानकारी के अनुसार भिलाई-तीन में आज सिरसा गेट के पास कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे
इसके बाद ये कार्यकर्ता थाना घेरने जाने वाले थे। इस घेराव के पहले ही पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को धरनास्थल से हटा दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें जामुल थाना प्रभारी को चोट पहुंची है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इससे पहले, आज पुलिस की टीम चरौदा नगर निगम के सभापति कृष्ण चंद्राकर को गिरफ्तार करने उनके निवास पहुंची थी। लेकिन, उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
आरोप है कि कृष्ण चंद्राकर और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कल दो भाजपा कार्यकताओं के साथ मारपीट की थी। इसके बाद भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष महेश वर्मा और विधायक रिकेश सेन के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कल देर रात भिलाई-तीन थाने का घेराव किया था। इसके बाद पुलिस ने कृष्ण चंद्राकर और घटना में शामिल अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट और अपहरण का मामला दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार कल पाटन विधायक भूपेश बघेल बलौदाबाजार हिंसा मामले में विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में भिलाई में आयोजित प्रदर्शन में जब शामिल होने जा रहे थे, तो सिरसा गेट के पास उनके काफिले के सामने कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया था।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों की ओर से दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सोलह लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद चरौदा नगर निगम सभापति कृष्ण चंद्राकर और उनके कुछ सहयोगियों ने भूपेश बघेल के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की है।