छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज दोपहर माओवादियों ने सुरक्षा बलों के एक वाहन को निशाना बनाते हुए बारूदी सुरंग का विस्फोट किया। इस घटना में वाहन में सवार आठ जवानों और ड्राईवर की मौत हो गई है। वहीं, एक जवान अभी लापता है।
दंतेवाड़ा रेंज के डीआईजी कमलोचन कश्यप ने बताया कि दंतेवाड़ा डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के जवान दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के बाद वापस लौट रहे थे। तभी बीजापुर जिले में आज दोपहर कुटरू थाना क्षेत्र के ग्राम अम्बेली के पास माओवादियों ने सुरक्षा कर्मियों के वाहन को निशाना बनाते हुए आईईडी विस्फोट किया।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख जताते हुए वीर जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया में जारी अपने संदेश में उन्होंने विश्वास जताया है कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और मार्च दो हजार छब्बीस तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करके रहेंगे।
वहीं, राज्यपाल रमेन डेका ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि नक्सलियों द्वारा किया गया यह कृत्य जघन्य अपराध है।
वहीं, राज्यपाल रमेन डेका ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि नक्सलियों द्वारा किया गया यह कृत्य जघन्य अपराध है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं।