छत्तीसगढ में आज 17 माओवादी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में मारे गए। इनमें 11 महिलाएं भी शामिल हैं। मुठभेड के दौरान चार सुरक्षा कर्मी भी घायल हुए हैं। घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है। आज मुठभेड में मारे गए नक्सलियों में एक जगदीश उर्फ बुधरा भी शामिल है जिसपर 25 लाख रूपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड बस्तर डिवीजन के सुकमा जिले में हुई। सीआरपीएफ और डीआरजी के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान केरलप्पाल क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद यह मुठभेड हुई। आज सवेरे से सुरक्षा बलो और माओवादियों के बीच रुक रुक कर गोलीबारी होती रही। सुरक्षा बलों ने मुठभेड स्थल से मारे गए माओवादियों के शव बरामद किए। इसके अलावा ए.के.47 राइफलों समेत बडी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद में बरामद किया गया।
छत्तीसगढ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस वर्ष के 85 दिनों में एक सौ 33 माओवादी विभिन्न मुठभेडों में मारे गए हैं।