छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कल से ही मुठभेड़ जारी है। घटना स्थल से आज दो शव बरामद किये। इससे मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों की संख्या 6 हो गई है। इनमें चार महिला माओवादी भी शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से छह राइफलें भी बरामद की हैं। इनमें दो एके-47, एक इंसास राइफल, दो पाइण्ट 303 राइफलें और एक कार्बाइन शामिल हैं।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद जिला रिजर्व गार्ड, कोबरा बटालियन और विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम ने कल सुबह तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ में मारे गए सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से चार की पहचान अब तक हो चुकी है, जिनमें राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र समिति के संभागीय समिति सदस्य दिलीप बेदजा भी शामिल हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माओवादियों से हिंसा छोड़ने और विकास की मुख्यधारा में शामिल होने का आग्रह किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री साय ने कहा कि सरकार न्याय, सुरक्षा और सम्मान के साथ पुनर्वास के लिए पूरी तरह तैयार है।
उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस अभियान के बाद राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र लगभग माओवादी मुक्त हो गया है। यह राज्य के लिए एक बड़ी सफलता है।