मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 31, 2024 4:15 अपराह्न

printer

चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में 37 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के उपरांत डाक्टर हृदय पॉल सिंह सेवानिवृत्त हुए

चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में 37 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के उपरांत डाक्टर हृदय पॉल सिंह शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। कुलपति डॉक्टर डी के वत्स ने संस्थान को दी गई उनकी सेवाओं को सराहनीय बताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की बधाई दी। उन्होंने डाक्टर ह्रदय पॉल सिंह और उनकी धर्मपत्नी श्रीमति कमलजीत कौर को स्मृति चिन्ह और शॉल प्रदान कर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में प्रसार शिक्षा निदेशक डाक्टर नवीन कुमार ने सम्मान पत्र पढ़ा और समस्त परिजनों को बधाई दी। डाक्टर ह्रदय पॉल सिंह की माता जी श्रीमति गुरचरण कौर, उनके बेटा बहू, बेटी, उनके मित्र डाक्टर राकेश सूद, पूर्व प्रसार निदेशक डाक्टर मधु मीत सिंह, गीतेश भृगु  मौजूद रहे।
 
डाक्टर ह्रदय पॉल सिंह ने 7 सिंतबर 1987 को हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय में तदर्थ आधार पर सहायक संपादक के पद पर कार्य शुरू करते हुए संपादक अनुसंधान, जन सम्पर्क अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी। पूर्व कुलपति डाक्टर एच के चौधरी और डाक्टर अशोक कुमार सरयाल ने भी डाक्टर ह्रदय पॉल सिंह को संदेश भेजते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
 
अपने लगभग 37 वर्ष (36 वर्ष, 8 माह, 23 दिन) के सेवाकाल के दौरान डाक्टर हृदय पाॅल सिंह ने पूर्ण कर्तव्य निष्ठा और पूरी ईमानदारी से विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। इन्हें ‘ विश्वविद्यालय गान‘ लिखने का श्रेय भी जाता है जिसका अनुमोदन विश्वविद्यालय प्रबंधन बोर्ड ने किया था और यह गान विश्वविद्यालय के प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आरंभ होने पर प्रस्तुत किया जाता है। इन्होंने हिंदी और अंग्रेजी में विश्वविद्यालय पर एक वृत्तचित्र भी बनाया है जो किसानों व अन्य आंगुतकों को दिखाया जाता है।
लगभग 18 वर्ष तक इन्होंने विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका पर्वतीय खेतीबाड़ी, हिमाचल जर्नल ऑफ़ एग्रीकल्चरल रिसर्च, एचपीकेवी न्यूजलेटर, हिल एगरीकल्चर रिर्पोटर और ई-न्यूजलेटर का बाखूबी संपादन कार्य भी किया है।