गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने आज अहमदाबाद सिविल अस्पताल में समीक्षा बैठक की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होनें कोल्ड स्टोरेज रूम का भी दौरा किया, जहां मृतकों के शव रखे गए हैं। इस बीच, अहमदाबाद सिविल अस्पताल में डी.एन.ए मिलान की प्रक्रिया जारी है। सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने डी.एन.ए नमूनों के आधार पर अब तक नौ पीड़ितों की पहचान की है।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के उप अधीक्षक रजनीश पटेल ने पत्रकारों को बताया कि अस्पताल में इस समय करीब 8 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
बीजे मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने दुर्घटना स्थल के पास स्थित छात्रावासों को खाली कराने का फैसला किया है। विमान दुर्घटना की जांच शुरु हो गई हैं तथा कई एजेंसियां जांच में शामिल हैं। अग्निशमन दल ने आज दुर्घटना स्थल के पिछले हिस्से से एक और शव बरामद किया है। यह शव एयर होस्टेस के होने का संदेह है।
इस घटना में विमान में सवार 241 लोगों और मेडिकल छात्रों सहित 250 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इससे पहले दिन में, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में गुजरात फोरेंसिक साइंस एक्सपर्ट्स टीम के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने डीएनए परीक्षण प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में 36 फोरेंसिक विशेषज्ञ डीएनए मिलान में तेजी लाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र ने फोरेंसिक विशेषज्ञों का एक दल भी भेजा है।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए सिविल अस्पताल का दौरा किया।