उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा का वर्तमान सत्र सकुशल संपन्न हो गया है। इस साल गत 10 मई 2024 को कपाट खुलने के बाद 177 दिनों के अवधि के बाद गंगोत्री के कपाट बंद हुए हैं और 178 दिनों के बाद यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस वर्ष गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 15 लाख 30 हजार 28 तीर्थयात्रियों का पदार्पण हुआ और इन दोनें धामों में यात्रियों का दैनिक औसत 8 हजार 620 रहा है। गंगोत्री धाम में इस बार 8 लाख 15 हजार 273 तथा यमुनोत्री धाम में 7 लाख 14 हजार 755 श्रद्धालुओं का पदार्पण हुआ है। चारधाम यात्रा के सुचारू, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के फलस्वरूप इस बार जिले में अवस्थित दोनों धामों में तीर्थयात्रियों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। शुरूआती दौर में भारी भीड़ उमड़ आने के कारण सामने आई चुनौतियों का सफलतापूर्वक समाधान करते हुए प्रशासन के द्वारा यात्रा का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया गया। जिसके चलते इस बार अधिक यात्रियों की आमद के साथ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। मानसून काल में सड़कों को सुचारू बनाए रखने के लिए संवेदनशील जगहों पर बड़ी संख्या में मशीनों व अन्य संसाधनों की तैनाती करने के फलस्वरूप इस बार यात्रा बाधित नहीं हुई।
Site Admin | नवम्बर 4, 2024 1:13 अपराह्न
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की यात्रा में हुई रिकार्ड वृद्धि
