गंगा और उसकी सहायक नदियों में उफान के चलते पटना, भागलपुर और कटिहार समेत राज्य के बारह जिलों में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। लगभग 14 लाख की आबादी बाढ़ की चपेट में है। केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर पटना, मुंगेर और भागलपुर में अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। हालांकि नदी के जलस्तर में गिरावट की प्रवृति देखी जा रही है।
अथमल गोला, बाढ़, बख्तियारपुर, मोकामा, मनेर, दानापुर और पटना सदर प्रखंड के दियारा इलाके बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 8 प्रखंडों के 66 विद्यालयों को 26 सितंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है। इस बीच, प्रशासन ने कुछ समाचार माध्यमों में प्रकाशित और प्रसारित उस खबर का खंडन किया है, जिसमें दीघा और कुर्जी बिंदटोली राहत शिविरों में 300 लोगों के बीमार पड़ने की बात कही गयी है। प्रशासन के अनुसार सामूहिक रूप से किसी भी राहत शिविर में कोई बीमार नहीं है।