खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडिवया ने हॉकी के भारत के गौरवशाली इतिहास और वैश्विक मंच पर उसके प्रभुत्व का स्मरण किया है। भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने हॉकी खिलाड़ियों के खेल कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने कठिन समय में भी विभिन्न मैच जीतकर भारत को गौरवान्वित करने के लिए खिलाड़ियों की सराहना की। श्री मांडविया ने कहा कि भारतीय टीम ने चुनौतियों से सीख लेकर जीत की अपनी सदियों पुरानी विरासत को फिर से हासिल किया है।
खेल मंत्री ने एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप ट्रॉफी का भी अनावरण किया। 28 नवम्बर से 10 दिसंबर तक चलने वाला यह टूर्नामेंट चेन्नई और मदुरै में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के 24 मैचों में 11,500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज नई दिल्ली में खेल मंत्री एकादश और हॉकी इंडिया एकादश के बीच प्रदर्शनी मैच हुआ। युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया तथा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने इसमें भाग लिया। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी भी मैच देखने पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री एकदश ने मैच में तीन-एक से जीत हासिल की।