केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आज कहा कि भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले से अब तक 93 शव बरामद किए गए हैं। तिरुवनंतपुरम में श्री विजयन ने कहा कि 34 शवों की पहचान कर ली गई है, जिनमें 18 लोगों के शव उनके परिवारजनों को सौंप दिए गए हैं। इस हादसे में 128 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मलप्पुरम जिले के पोथुकल में चालियार नदी से भूस्खलन के बाद बह गए 16 शव भी बरामद कर लिए गए हैं।
भूस्खलन को राज्य में आई अब तक की सबसे खराब प्राकृतिक आपदाओं में से एक करार देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहला भूस्खलन देर रात करीब दो बजे हुआ, उसके बाद सुबह करीब 4 बजकर 10 मिनट पर दूसरा भूस्खलन हुआ।
भूस्खलन के कारण एरावंजीपुझा नदी दो भागों में बंट गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने फ़ोन करके मदद की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि वायनाड में 45 राहत शिविर खोले गए हैं जिनमें तीन हज़ार 69 लोगों को रखा गया है। पिनाराई विजयन ने भूस्खलन में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को भी श्रद्धांजलि दी है ।