नवम्बर 19, 2025 8:42 अपराह्न

printer

केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने देश की पहली स्वदेशी क्रिस्पर आधारित जीन थेरेपी का किया शुभारंभ

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज सिकल सेल रोग के लिए देश की पहली स्वदेशी क्रिस्पर आधारित जीन थेरेपी का शुभारंभ किया। सिकल सेल रोग मुख्य रूप से देश की आदिवासी आबादी पर असर डालता है। बिरसा 101 नामक यह थेरेपी भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित है, जिनकी 150वीं जयंती इसी महीने की 15 तारीख को मनाई गई। डॉक्‍टर सिंह ने कहा कि देश ने सिकल सेल रोग मुक्त राष्ट्र बनने की दिशा में अपनी निर्णायक यात्रा औपचारिक रूप से शुरू कर दी है, जो देश के जन स्वास्थ्य और जीनोमिक चिकित्सा परिदृश्य में एक ऐतिहासिक मोड़ है।

 

    केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि वैश्विक लागत के एक छोटे हिस्‍से में अत्‍याधुनिक उपचार तैयार करने में सक्षम है, जो लगभग 20-25 करोड़ रुपये की विदेशी उपचार लागत की जगह ले सकती है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि यह उपलब्धि विशेष रूप से मध्य और पूर्वी भारत के आदिवासी समुदायों के लिए महत्‍वपूर्ण है। जहाँ सिकल रोग का बोझ सबसे अधिक है।

 

 उन्होंने वैज्ञानिक संस्थानों से आग्रह किया कि वे इन्फोग्राफिक्स और सोशल मीडिया के माध्यम से सरल भाषा में अपनी उपलब्धियों को आमलोगों तक पहुंचाएं, जिससे लोग इन प्रगतियों के महत्व को पूरी तरह समझ सके।

 

डॉक्‍टर सिंह ने सरकारी वैज्ञानिक संस्थानों और भारतीय उद्योग, विशेष रूप से सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के बीच बढ़ते तालमेल की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि इस तरह की साझेदारियों ने पहले ही कोविड-19, एचपीवी और अन्य महत्वपूर्ण टीकों सहित विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त उपलब्धियाँ हासिल की हैं, और अब जीन थेरेपी में देश के नेतृत्व को और गति प्रदान करेंगी।