केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने बेंगलुरु में पानी की कमी की स्थिति पर निराशा व्यक्त की। आज बेंगलुरु में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक और दुखद है कि प्रख्यात बेंगलुरु शहर पेयजल संकट से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में हैजे की आशंका है, जब पेयजल संकट होता है तो लोगों तक दूषित पानी पहुंचने की संभावना भी अधिक रहती है। श्रीमती सीतारामन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने कई विकास कार्यों को रोक दिया है। उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर राज्य में जल और सिंचाई कार्यों सहित 20 हजार करोड़ रुपये के कार्यों को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि हर घर में पीने का पानी पहुंचाने वाले जल जीवन मिशन के काम भी ठप पड़े हैं।