केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि गुजरात के लोथल में बनने वाला राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर अभियांत्रिकी का एक उत्कृष्ट नमूना होगा। यह समुद्री क्षेत्र में परिवहन के विकास और भविष्य में इससे जुड़े समाधान खोजने में सहायक होगा। नई दिल्ली में भारत समुद्री विरासत सम्मेलन– 2024 को संबोधित करते हुए, श्री सोनोवाल ने कहा कि भारत की समुद्री विरासत ने न केवल देश के बल्कि विश्व के इतिहास को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वैश्विक समुद्री व्यापार और संस्कृति में भारत के योगदान को रेखांकित करता है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत का समुद्री कौशल इसकी सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में समुद्री क्षेत्र में भारतीय कौशल पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत का समृद्ध समुद्री इतिहास है और समुद्र के क्षेत्र में विस्तृत ज्ञान है। श्री मंडाविया ने कहा कि यह ज्ञान वैश्विक समुद्री संस्कृति को आकार देगा।