केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज कहा कि भारत की आत्मनिर्भरता की राह में मुंबई की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्रीय मंत्री ने मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें पीर पाऊ में तीसरा रसायन प्लेटफॉर्म और जवाहर द्वीप पर तट संरक्षण परियोजना की आधारशिला रखना भी शामिल है। इस अवसर पर मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण ने उत्सर्जन प्रबंधन, कार्बन कटौती प्रबंधन और बंदरगाह तथा जहाजरानी अभियानों की सुरक्षा से संबंधित कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी किए।
श्री सोनोवाल ने कहा कि ये परियोजनाएं और समझौता ज्ञापन संकेत करती हैं कि मुंबई बंदरगाह प्राधिकरण ने देश के बदलती हुई मांग के अनुरूप अपने आप को परिवर्तित किया है। उन्होंने कहा कि भारत संभावना, शक्ति और क्षमता से भरा हुआ देश है तथा विश्व में सशक्त समुद्री राष्ट्रों में शामिल होने की दिशा में बढ़ रहा है।
इससे पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर मुंबई बंदरगाह में सभी जहाजों ने देश के अंतरिक्ष विज्ञानियों का आभार प्रकट करने के लिए हार्न बजाया।