मार्च 4, 2025 9:01 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालन समूह की 9वीं बैठक की अध्यक्षता की

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालन समूह की नौवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की उपलब्धियों के लिए मिशन संचालन समूह की सराहना की। बैठक में मूल्यांकन किया गया कि भारत ने मातृ मृत्यु दर को कम कर प्रति एक लाख जीवित जन्मों पर 100 तक लाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 1990 से 2020 के बीच भारत में मातृ मृत्यु दर में 83 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो वैश्विक स्तर पर मातृ मृत्यु दर की कमी से काफी अधिक है। इस अवधि के दौरान देश में शिशु मृत्यु दर में भी 69 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि वैश्विक स्तर पर यह गिरावट 55 प्रतिशत ही रही। आज देश में एक लाख 76 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर कार्यरत हैं।

पिछले 5 वर्षों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आने वाले लोगों की संख्या 13 करोड़ 49 लाख से बढ़कर 121 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि गैर संचार रोग जांच की संख्या 10 करोड़ 94 लाख से बढ़कर 109 करोड़ 55 लाख हो गई। बैठक में यह भी कहा गया कि राष्ट्रीय तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 2015 से 2023 तक तपेदिक रोग में 18 प्रतिशत की कमी आई, जो वैश्विक कमी से दोगुनी से भी अधिक है। तपेदिक से होने वाली मृत्यु में भी 21 प्रतिशत की कमी देखी गई।

    बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने नियमित गतिविधियों के लिए संशोधित प्रोत्साहन और बढ़ा हुआ मानदेय देकर उन्हें और सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।