केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल ने मंत्रालय की प्रमुख पहलों की एक श्रृंखला शुरू की है। इसका उद्देश्य भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाना, वैश्विक व्यापार में उपस्थिति मजबूत करना और स्थिरता को बढ़ावा देना है। समुद्री क्षेत्र के लिए केंद्रीय बजट में की गई प्रमुख घोषणाओं से उत्पन्न विभिन्न संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए आज मुंबई में एक हितधारक बैठक के दौरान इन पहलों की शुरुआत की गई। उन्होंने भारत के प्रमुख बंदरगाहों में परिचालन को मानकीकृत और सुव्यवस्थित करने की एक पहल ‘वन नेशन-वन पोर्ट प्रोसेस (ओएनओपी)’ शुरू की। इसका उद्देश्य दस्तावेज़ीकरण और प्रक्रियाओं में विसंगतियों को दूर करना है। श्री सोनोवाल ने भारत के समुद्री क्षेत्र में दक्षता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, वित्त वर्ष 2023-24 के लिए लॉजिस्टिक्स पोर्ट परफॉर्मेंस इंडेक्स – सागर अंकलन भी जारी किया। इस अवसर पर श्री सोनोवाल ने कहा कि इन पहलों की शुरूआत भारत को एक समुद्री महाशक्ति बनाने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है, जो वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की परिकल्पना पूर्ण करने में योगदान देगी।
Site Admin | फ़रवरी 27, 2025 9:09 अपराह्न
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल ने मंत्रालय की प्रमुख पहलों की एक श्रृंखला शुरू की
