अप्रैल 23, 2025 4:28 अपराह्न

printer

कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में प्रत्‍येक भारतीय अपने प्रियजनों को खोने का दर्द महसूस करता है- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में प्रत्‍येक भारतीय अपने प्रियजनों को खोने का दर्द महसूस करता है। उन्होंने इन सभी परिवारों और पूरे देश को आश्वासन दिया कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकवादियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने श्रीनगर में पुलिस नियंत्रण कक्ष में मृतकों के शवों पर पुष्पांजलि अर्पित की। गृहमंत्री ने कहा कि भारी मन से पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि दी है। उन्‍होंने कहा कि भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। गृहमंत्री ने कहा कि इस कायरतापूर्ण आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

    गृहमंत्री ने आज जम्मू-कश्मीर के बैसरन वन क्षेत्र में घटनास्‍थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अनंतनाग में सरकारी अस्पताल में घायलों के बारे में भी जानकारी ली। पहलगाम में आतंकी हमले में दो स्थानीय लोगों सहित 26 पर्यटक मारे गए थे। पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने इस बारे में तीन हमलावरों के चित्र जारी किए हैं।

    पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के विरोध में कश्मीर घाटी आज पूरी तरह बंद है। अधिकांश दुकानें, मुख्य बाजार और स्थानीय औद्योगिक तथा विनिर्माण इकाइयों में कामकाज नहीं हो रहा है। सार्वजनिक वाहन भी सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी सरकारी कर्मचारियों से आज दोपहर साढ़े तीन बजे सम्मान और एकजुटता के प्रतीक के रूप में दो मिनट का मौन रखने की अपील की थी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला