56वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2025 कल गोआ में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शुरू होगा। महोत्सव में 80 से अधिक देशों के मेहमान और फिल्म निर्माता शामिल होंगे। इसमें भारत और विश्व भर की 270 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। यह फिल्मोत्सव 28 नवंबर तक पणजी में चलेगा।
गोवा अपने आतिथ्य और सौंदर्य के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। वहीं आठ दिनों तक चलने वाला अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इसे और भी विशेष बना रहा है। पणजी में देश-विदेश के सिनेमा प्रेमियों और फिल्म निर्माताओं का एक ऐसा मंच तैयार है, जहां पर देश-दुनिया की बेहतरीन फिल्में दिखाई जाएंगी। सिनेमा से जुड़ी कहानियां, संस्कृतियां और विचार एक ही स्थान पर मिलकर इसे भारतीय विविधता का उत्सव भी बना रहे हैं।
इस भव्य आयोजन में स्क्रीनिंग के साथ-साथ कार्यशालाएं, मास्टरक्लास और फ़िल्म बाज़ार आयोजित होंगे, जो देश के नए तथा उभरते फिल्मकारों के लिए बेहतरीन अवसर प्रदान करेंगे। 56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्देश्य दुनिया भर के फिल्मकारों को जोड़ना और कला के माध्यम से मित्रतापूर्ण सहयोग को बढ़ावा देना है। इस साल इफ्फी में 81 देशों की करीब 270 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें 13 वर्ल्ड प्रीमियर, 4 अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर और 46 एशियन प्रीमियर शामिल हैं।