मई 19, 2025 1:28 अपराह्न

printer

ऑपरेशन ओलिविया: कछुओं के संरक्षण की दिशा में एक सफल पहल

भारतीय तटरक्षक बल ऑपरेशन ओलिविया के अंतर्गत लुप्तप्राय ओलिव रिडले कछुओं का संरक्षण कर रहा है। यह देश के समृद्ध समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को संरक्षित करने में एक महत्‍वपूर्ण पहल है। भारतीय तटरक्षक बल ने कहा है कि देश की पूर्वी तटरेखा, विशेष रूप से ओडिशा के गहिरमाथा बीच पर प्रतिवर्ष आठ लाख से अधिक ओलिव रिडले कछुए आकर घोंसले बनाते हैं। तटवर्ती क्षेत्रों में अवैध मछली पकड़ने, जाल में उलझने और अन्‍य कारणों से ये प्रजातियां खतरे में पड़ी हुई हैं। इनका अस्तित्व तटरक्षक बल के बचाव अभियानों पर निर्भर हैं।

 

तटरक्षक बल ने अवैध मछली पकड़ने वाली 366 नावों को हिरासत में लिया है। ऑपरेशन ओलिविया की सफलता इससे स्पष्ट होती है कि इस वर्ष फरवरी में रुशिकुल्या नदी के मुहाने पर 6 लाख 98 हजार से अधिक ओलिव रिडले कछुओं ने घोंसला बनाया। इन प्रजातियों के संरक्षण के लिए, तटरक्षक बल इनके प्रजनन के मौसम के दौरान हर वर्ष नवंबर से मई तक यह अभियान चलाता है।