सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने बताया है कि पिछले ग्यारह वर्षों में 32 लाख से अधिक दिव्यांग लाभार्थियों को आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान किए गए हैं।
नई दिल्ली में आज भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम – एलिम्को के 53वें स्थापना दिवस पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस वर्ष का स्थापना दिवस नई पहचान और नई सोच के एक नए दौर का प्रतीक है, जो एलिम्को के एक नवाचार-संचालित संस्थान के रूप में विकास को दर्शाता है।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की स्वतंत्रता और दैनिक सक्रियता को बढ़ाने के उद्देश्य से तिपहिया स्कूटर और क्लिप-ऑन व्हीलचेयर सहित नव विकसित गतिशीलता उपकरणों और वाहनों का शुभारंभ किया। उन्होंने एलिम्को के नए लोगो का भी अनावरण किया, जो आधुनिक डिज़ाइन, बेहतर फ़िनिशिंग और उपयोगकर्ता-केंद्रित नवाचार की ओर इसके बदलाव का प्रतीक है।